आगरा। दिल्ली आगरा रेलवे ट्रैक पर कीठम के पास फिरोजाबाद का छात्र प्रेम प्रसंग में आत्महत्या करने के लिए ट्रैक पर बैठ गया।
दिल्ली से आ रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर उसकी जान बचा ली। इसके बाद उसे आरपीएफ के हवाले कर दिया। आरपीएफ ने छात्र के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
वाकया रविवार दोपहर लगभग 12.30 बजे का है। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस फरह कीथम स्टेशन के बीच में थी। कॉशन आर्डर लगा होने के कारण ट्रेन की गति धीमी थी। इसी दौरान एक युवक ट्रैक पर खड़ा हो गया। ट्रेन को नजदीक आते देखकर वह ट्रैक पर बैठ गया।
ये देखकर ट्रेन के लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर गाड़ी को रोक दिया। इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी। राजा की मंडी आरपीएफ की टीम ने कीठम से युवक को हिरासत में ले लिया। वह आत्महत्या करने पर आमादा था।
आरपीएफ चौकी प्रभारी ने बताया कि फिरोजाबाद के एका थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला विनय का गांव की लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा है। कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी थी। वह खुद को बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र बता रहा था। पिछले दस दिन से घर से भागकर आगरा में घूम रहा था। आरपीएफ ने उसके पिता को सूचना दी। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मुचलका भरने के बाद पिता उसे अपने साथ ले गए।