आगरा। डॉक्टर बैनी माधव गोयल की कोठी में हुई लगभग 25 लाख की लूट के बाद गजानन नगर कॉलोनी के लोगों ने सबक लिया है। सुरक्षा पर और सचेत होते हुए छह जगह सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। इन्हें इस तरह से लगाया गया है कि पूरी कॉलोनी इनकी जद में रहे। कॉलोनी की समिति ने तय किया है कि जल्द ही गेट पर गार्ड तैनात किए जाएंगे। कॉलोनी में चौकीदार भी रखे जाएंगे।
कॉलोनी की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की मीटिंग में सुरक्षा से जुड़े तमाम पहलुओं पर चर्चा की गई। कॉलोनी में कैमरे पहले भी लगे थे लेकिन ये निजी तौर पर कोठियों के बाहर लगवाए गए थे। डॉक्टर गोयल के घर लूट के बाद इनमें से आधे खराब पाए गए। जिस कोठी में लूट हुई, वहां न आसपास कोई कैमरा था और न ही कॉलोनी केगेट पर।
इसी के चलते समिति ने छह कैमरे लगवाए हैं। इनमें से एक डॉक्टर बैनी माधव के घर के पास कॉलोनी केगेट पर लगवाया गया है। कॉलोनी के चार रास्ते हैं। इनमें से दो पर गेट भी नहीं है। मीटिंग में तय हुआ है कि जल्द ही गेट लगवाए जाएंगे। समिति के अध्यक्ष रिटायर्ड एसपी अशफाक अहमद हैं। उन्होंने पुलिस से भी कहा कि कॉलोनी में रात को गश्त की जाए। कॉलोनी से लोहामंडी और शाहगंज थाना की सीमा लगती है। सीमा विवाद में दोनों में से किसी थाने की पुलिस गश्त नहीं करती है।
...लेकिन पुलिस की आंख नहीं खुली
जिस एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में सिपाही सतीश यादव की हत्या की गई, वहां की पुलिस कैमरों पर सचेत नहीं है। आलम यह है कि थाने पर लगे सीसीटीवी कैमरे महीने भर से खराब पड़े हैं। इनकी मरम्मत तक नहीं कराई जा रही है। यह हाल तब है जबकि पुलिस अधिकारी लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे कैमरे लगवाएं और उन्हें ठीक रखें।
बड़े काम की तीसरी आंख
-दिव्य अपहरण कांड का खुलासा कैमरे की बदौलत ही हो पाया, पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई थी, फुटेज से बदमाश पहचाने गए।
-मथुरा में दो सराफ की हत्या कर चार करोड़ की लूट कैमरे की मदद से ही खुल पाई, फुटेज में बदमाशों के चेहरे साफ थे।
-महर्षिपुरम में डाक्टर अतुल बंसल के घर हुई लूट का खुलासा भी घर के सामने लगे कैमरे से मिले फुटेज से हुआ।