गोरखपुर। पूर्व माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं के साथ छेड़खानी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शादीशुदा है। वह स्कूल की छत पर चढ़कर बाथरूम में ताकझांक करता था। सोमवार को उसने एक छात्रा का हाथ पकड़ लिया था। शिकायत करने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार लिया।
खजनी प्रतिनिधि के अनुसार इलाके के एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बगल में आरोपी ने सब्जी की खेती की है। वह अक्सर खेती के सिलसिले में स्कूल के पीछे पहुंच जाता था। छत के रास्ते पर टूटी चहारदीवारी से ईंट निकालकर वह छात्राओं के बाथरूम में ताकझांक करता था। परेशान छात्राओं ने इसकी शिकायत विद्यालय प्रशासन से की। इसके बाद शिक्षिकाओं ने आरोपी की पत्नी को बुलाकर उसकी शिकायत की, मगर आरोपी नहीं सुधरा। सोमवार को तो हद ही गई जब उसने एक छात्रा का जबरन हाथ पकड़ लिया। इसके बाद मामला खजनी थाने पहुंच गया। मंगलवार की सुबह पुलिस ने आरोपी रमेश मौर्या को गिरफ्तार कर लिया।