मैनपुरी। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर गुरुवार की सुबह नगला सेवाराम के पास तेंदुआ का शव मिला। उसके शरीर के पिछले हिस्से में चोट के निशान थे। संभावना जताई गई है कि किसी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुआ के शव का अंतिम संस्कार किया।
बुधवार की रात कहीं से भटक कर आया तेंदुआ आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर आ गया। रात को वह किसी वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर लगने के बाद वह गांव नगला सेवाराम के पास एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरा। गुरुवार की सुबह जब ग्रामीण मार्ग से गुजरे तो तेंदुआ पड़ा देखा तो दहशत में आ गए। जब पास ही खून पड़ा देखा तो समझ गए कि तेंदुआ की मौत हो चुकी है। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस के साथ ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों के मुताबिक रात को टक्कर से घायल होेने के बाद तेंदुआ काफी देर तक सड़क पर घिसटते हुए नीचे खेत में जा गिरा होगा। वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पशु चिकित्साधिकारी की देखरेख में तेंदुआ का वन विभाग परिसर में पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं लोगों में इस बात की चर्चा भी रही कि आखिर तेंदुआ वहां कैसे पहुंचा, जबकि पहले कभी यहां तेंदुआ नजर नहीं आया है।