टैंटीगांव(मथुरा)। कस्बे में 18 बाइक सवार युवकों ने एक डॉक्टर पर हमला कर दिया। युवकों ने हॉकी और फावडे़ के बैट से प्रहार किया इससे डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक सवार तमंचे लहराते हुए फरार हो गए। हमले की वजह शुक्रवार को कोचिंग इंस्टीट्यूट में प्रवेश को आए दो युवकों की पिटाई बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर उसमें शामिल था।
टैंटीगांव में शुक्रवार को एसवीएस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट पर दो युवक प्रवेश के लिए आए। जहां दोनों ने एक युवती से अभद्रता कर डाली। युवती ने घर फोन करके परिवारीजनों को बुला लिया। उनके साथ कस्बे में क्लीनिक चलाने वाला डॉक्टर भी आ गया। दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी।
शनिवार को दोनों युवक अपने 18 साथियों के साथ बाइकों से कस्बे में पहुंचे। हाथों में हॉकी और फावड़े के बैट लिए युवकों ने डॉक्टर पर हमला बोल दिया। हमले के बाद सभी युवक फरार हो गए। सूचना पर पहुंच कोतवाली सुरीर पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी बैजनाथ सिंह का कहना है दोनों तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई। तहरीर देने पर कार्रवाई की जाएगी।