फिरोजाबाद। महिला से अभद्र भाषा का विरोध करने पर गांव की ही एक महिला को उसके घर से खींचकर आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीटा। पीड़िता का आरोप है कि ग्रामीण एकत्रित हुए तो आरोपियों ने फायरिंग कर भाग गए।
अजय प्रताप सिंह की पत्नी ज्योति एका थाना क्षेत्र के गांव नगला मानधाती में रहती हैं। पीड़िता का आरोप है कि रविवार को घर के लोग काम पर गए थे। वह और उसकी सास रामवती घर पर अकेली थी तभी पड़ोस में रहने वाली गुल्लू की पत्नी नीरु सास रामवती से अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगी। इसका विरोध करने पर गुल्लू ने परिवार की महिलाओं के साथ उसके घर पर धावा बोल दिया और खींच कर घर से बाहर ले आए।
आरोपियों ने उसकी लाठी डंडे से पिटाई की। इससे वह घायल हो गई। चीख पुकार करने पर ग्रामीण एकत्रित हुए तो आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से भाग गए। मौके पर पहुंचे घायल ज्योति को लेकर थाना एका पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि महिला के साथ मारपीट हुई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।