मैनपुरी। मोहल्ला वंशीगोहरा निवासी एक महिला ने पति पर बगैर तलाक दिए दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। एसपी से पति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वंशीगोहरा निवासी रेखा की शादी वर्ष 2015 में आवास विकास कॉलोनी निवासी कुलदीप कुमार के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुरालीजन दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे थे। जिस वजह से वह मायके में रहने लगी थी। इस बीच पति व ससुरालीजनों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया। पति की ओर से कोर्ट में तलाक का मुकदमा दायर किया गया लेकिन अभी तक तलाक नहीं हुआ। इस बीच पति ने दूसरी शादी रचा ली। नौ जून को दूसरी पत्नी से एक बच्चे का जन्म हुआ। जानकारी होने के बाद जब वह ससुराल गई तो उसे भगा दिया गया। पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र भेजकर दोषी पति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।