मैनपुरी। गर्मी अब लोगों के लिए परेशानी बनने लगी है। तापमान में गिरावट न आने से लोग बेहाल हैं। उमस भरी गर्मी के चलते अब पंखे और कूलर भी बेकार साबित हो रहे हैं। मंगलवार को भी गर्मी का कहर जारी रहा।
सुबह से ही तेज धूप के कारण घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। रात में गर्मी के कारण नींद भी पूरी नहीं हो पा रही है। उमस भरी गर्मी के चलते पंखे और कूलर में भी राहत नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को बीते दिन की अपेक्षा अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस बढ़कर 39 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन भर तेज धूप और गर्मी के आगे लोग बेबस रहे।
ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों के लिए मुसीबत बनी गर्मी
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए चौराहों व सड़कों पर तैनात पुलिसकर्मियों के लिए गर्मी मुसीबत बनती जा रही है। हाल ये है कि तेज धूप में उनके सिर छिपाने के लिए भी कहीं जगह नहीं है। ईशन नदी पुल, कुरावली चौराहा, करहल चौराहा, बड़ा चौराहा समेत अन्य कई स्थानों पर सिपाही धूप में ही खड़े होकर अपनी ड्यूटी करते हैं।