कासगंज के ग्राम डोरई में चोरी के बाद खुला बक्सा दिखाते परिजन।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। क्षेत्र के गांव डोरई में चोरों ने एक मकान में कमरे के बाहर से कुंडी लगाकर चोरी कर ले गए। चोर मकान से 45000 रुपये की नकदी व हजारों रुपये के आभूषण एवं अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। क्षेत्र के डोरई ग्राम के निवासी पूर्व प्रधान रमेश पुत्र नौबतराम गुरुवार की रात घर में सो रहे थे। रात में चोर पीछे की दीवार से चढ़कर मकान में घुस गए। चोरों ने कमरे के बाहर से कुंडी लगा दी। चोरों ने बक्सा व अलमारी के ताले तोड़ लिए।
चोरी करने के बाद जब चोर चले गए तो परिजनों ने शोर मचाया। उनकी चीख पुकार सुनकर पड़ौसियों ने आकर कुंडी को खोला। तब परिजन कमरे से बाहर आए। रमेश कुमार ने बताया कि चोर उनके मकान से 45000 रुपये की नकदी एवं सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। चोर पीतल के बर्तन भी चोरी कर ले गए। जैसे ही अन्य ग्रामीणों को चोरी की घटना की जानकारी हुई तो वह भी मौके पर आ गए। गांव में चोरी की घटना से हर कोई हतप्रभ था। लोगों में चोरी की घटना को लेकर रोष था। जानकारी होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। मामले की तहरीर पुलिस को दी।