जेसीबी की मदद से मेनहोल की खोदाई की गई, जिसके बाद गाय को बाहर निकाला गया। पूरे तीन घंटे बाद गाय बाहर निकाली जा सकी। इस हादसे के बाद धूलियागंज के लोगों में वबाग के खिलाफ आक्रोश है। उन्होंने वबाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करके विरोध भी किया।
कंपनी का करार निरस्त हो
पार्षद रवि बिहारी माथुर ने कहा कि कंपनी वबाग का रवैया बेहद गैर जिम्मेदाराना है। कंपनी ने तीन घंटे तक सुनवाई नहीं की। गाय की जान चली जाती तो वबाग की जिम्मेदारी होती। पूरे शहर में सीवर बह रहा है। मैनहोल पर ढक्कन तक नहीं रखे। कंपनी का करार तत्काल निरस्त कराया जाए और ऐसी लापरवाही पर जुर्माना लगे।
लोग भी हो सकते हैं हादसे का शिकार
पार्षद राकेश जैन ने कहा कि प्रदेश और केंद्र की सरकार गाय बचाने के लिए जुटी हुई है, लेकिन वबाग कंपनी के अधिकारी तीन घंटे तक गाय बचाने के लिए नहीं पहुंचे। पूरे शहर में 1000 से ज्यादा जगहों पर मैनहोल पर ढक्कन नहीं रखवाए हैं। जैसे गाय गिरी है, वैसे ही आम लोग भी हादसे का शिकार हो सकते हैं।