जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार को औंछा के विक्रमपुर गांव निवासी कोरोना संक्रमित व्यक्ति की सैफई मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। अलग-अलग क्षेत्रों में चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए।
विज्ञापन
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 88 हो गई है। 36 कोरोना संक्रमितों को ठीक होने के बाद घर भेज दिया गया है। 48 का आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। चार संक्रमितों की अब तक मौत हो चुकी है। वहीं पीपीई किट पहनकर बेटे ने अंतिम संस्कार किया।
थाना औंछा क्षेत्र के गांव विक्रमपुर निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति के गुर्दे और आंत में परेशानी थी। तीन जून से पहले वह फिरोजाबाद में उपचार कराता रहा। पांच जून को परिजनों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। छह जून की रात कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई। वह पांच जून से ही सैफई में भर्ती था। नौ जून की सुबह सैफई में उसकी मौत हो गई।
मंगलवार को भोगांव के गांव जुगिया में एक लड़की, सुल्तानगंज के गांव इटौरा, कुरावली के नौगांव और बिछवां के भनऊ में भी एक-एक युवक कोरोना संक्रमित मिले। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों को आइसोलेशन वार्ड भेजा है। उनके संपर्क में आने वालों की तलाश की जा रही है।
पीपीई किट पहनकर पुत्र ने पिता को मुखाग्नि दी
क्षेत्र के गांव विक्रमपुर निवासी 60 वर्षीय वृद्ध की कोरोना संक्रमण से मेडिकल कॉलेज सैफई में मौत के बाद मंगलवार को गांव के बाहर नहर किनारे उसकी अंत्येष्टि कर दी गई। वृद्ध का शव सीधे नहर के किनारे ले जाया गया। पीपीई किट पहनकर पुत्र ने पिता को मुखाग्नि दी।
कोरोना संक्रमित वृद्ध की मौत की जानकारी मंगलवार को जिला प्रशासन को हुई तो जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम घिरोर अनिल कुमार कटियार, एसओ औंछा ओमप्रकाश सिंह और चिकित्साधिकारी डॉ. प्रवीन यादव गांव पहुंच गए। यहां शव के अंतिम संस्कार की तैयारियां गांव के बाहर नहर किनारे कराई गईं। वृद्ध के परिजनों को सात जून को ही वृद्ध की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद क्वारंटीन हाउस भेज दिया गया था। इसके चलते अंतिम संस्कार करने वाला कोई नहीं था।
एसडीएम ने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी तो क्वारंटीन हाउस से वृद्ध के पुत्र को गांव लाया गया। वृद्ध के पुत्र ने पीपीई किट पहनकर मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के बाद वृद्ध के पुत्र को पहनाई गई पीपीई किट भी नष्ट कर दी गई। वृद्ध के संपर्क में आने वाले गांव के 27 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जिनकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बाइक से नौगांव पहुंचा प्रवासी मजदूर निकला संक्रमित
क्षेत्र के गांव नौगांव निवासी 32 वर्षीय युवक दिल्ली के संगम विहार में निवास कर रहा था। छह जून को युवक बाइक से दिल्ली से गांव पहुंचा था। जिसकी सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक का सैंपल लेकर जांच के लिये भेज दिया।
मंगलवार को युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर एसडीएम अनूप कुमार, तहसीलदार अरुण कुमार, बीडीओ शिवप्रकाश, सीओ डीपी गॉड, इंस्पेक्टर शिवकुमार चौहान ने पुलिसकर्मियों के साथ गांव में पहुंचकर युवक को भोगांव स्थित आइसोलेशन वार्ड भेजा। डॉ. मुनींद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की थर्मल स्क्रीनिंग की।
बीलपुर से संक्रमित के परिजनों को भेजा क्वारंटीन हाउस
नवीगंज चौकी क्षेत्र के ग्राम बीलपुर में सोमवार को आई रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव निकली महिला के पजिनों को मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने क्वारंटीन हाउस भोगांव भेज दिया। महिला इस समय कन्नौज के तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। जबकि उसका पति भी इस समय वहीं है।
मंगलवार को पीएचसी अधीक्षक डॉ. मनीष कुशवाह ने महिला के ससुर, सास, देवर, दो ननदों, महिला के दो बच्चों एवं एक ननद के दो बच्चों सहित कुल नौ लोगों को क्वारंटीन सेंटर भोगांव सैंपल के लिए भेजा। महिला कहां कोरोना वायरस से संक्रमित हुई को लेकर जांच जारी है।