आगरा के मलपुरा क्षेत्र के बमरौली अहीर निवासी एक व्यक्ति से डाक विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 15 लाख रुपये की कथित ठगी करने के आरोप में थाना मलपुरा पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक दंपती के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिकी के अनुसार, बमरौली अहीर निवासी पप्पू सिंह दिवाकर ने आरोप लगाया है कि बाह क्षेत्र के चांगोली बाह निवासी जोगेंद्र सिंह और उनकी पत्नी सपना देवी ने डाक विभाग में अच्छी पकड़ होने तथा अधिकारियों से करीबी संबंध होने का भरोसा दिलाकर उनके पुत्र सहित एक अन्य युवक की नौकरी लगवाने के नाम पर वर्ष 2025 के दौरान अलग-अलग तिथियों में बैंक खातों और ऑनलाइन माध्यम से करीब 15 लाख रुपये ले लिए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपितों ने लंबे समय तक नौकरी लगवाने का भरोसा दिया लेकिन न तो नौकरी दिलाई और न ही ली गई धनराशि वापस की। रुपये वापस मांगने पर टालमटोल करने तथा कथित रूप से फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित की ओर से न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिए जाने के बाद न्यायालय के आदेश पर थाना मलपुरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। थाना मलपुरा प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।