आगरा में कोरोना: एसएन मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड के बाहर खड़ा स्वास्थ्यकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में कोरोना की दूसरी लहर में हर दिन संक्रमितों की संख्या का रिकॉर्ड टूट रहा है। गुरुवार को पहली बार 24 घंटे में रिकॉर्ड 295 नए मरीज मिले हैं। यह संख्या तीन दिन पहले मिले मरीजों की संख्या के दो गुना से अधिक है। गुरुवार को मिले मरीजों के अनुसार औसतन हर चार मिनट में एक मरीज मिला है। नए स्ट्रेन की तीव्रता को लेकर अफसरों में हड़कंप मचा है।
जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, संक्रमण से हालात भी भयावह हो रहे हैं। पिछले 48 घंटे में 537 नए मरीज मिले हैं। 12 अप्रैल को 130 मरीज मिले थे, जो तीन दिन बाद 15 अप्रैल को दोगुने से अधिक 295 हो गए। इससे पहले नौ अप्रैल को 67 मरीज मिले थे जो 12 अप्रैल को 130 हुए थे। सीएमओ डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि नए वायरस की तीव्रता अधिक होने के कारण मरीजों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। जिले में 1290 सक्रिय रोगी हैं।
अफसर भी नहीं समझ पा रहे तेज संक्रमण का कारण
कोरोना संक्रमण की तेजी से बढ़ती रफ्तार से चिकित्सक व प्रशासनिक अफसर भी हैरान हैं। संक्रमण की तीव्रता का कारण नहीं समझ पा रहे हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने कहा कि कुछ दिन हो सके तो लोग घरों से बाहर निकलने से परहेज करें। युवाओं को सबसे ज्यादा एहतियात रखना चाहिए। नए मरीजों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाई जा रहीं हैं।