कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए 55 घंटे का लॉकडाउन फिर से लागू हो गया है। आगरा में सोमवार को स्थानीय अवकाश है। इसके चलते तीन दिन तक पूर्ण बंदी लागू रहेगी। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि दूध और दवा की दुकानें खुली रहेंगी। सोमवार को कैलाश मंदिर मेले के स्थानीय अवकाश के कारण बाजार और कार्यालय बंद रहेंगे।
इस दौरान लोगों के बाहर निकलने पर भी पाबंदी रहेगी। सभी धार्मिक और अन्य स्थल बंद हैं। कोई कहीं बाहर नहीं जाए। उन्होंने लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि कोई घर से बेवजह निकला तो लॉकडाउन का केस दर्ज होगा। कोई मास्क पहने नहीं मिला तो 500 रुपये का जुर्माना होगा।
108 स्थानों पर तैनात रहेगी पुलिस
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि शहर में 108 स्थानों पर पुलिस तैनात की जाएगी। पुलिस सुबह से ही चेकिंग करेगी। सिर्फ चौराहों पर ही नहीं, गली मोहल्लों में भी पुलिस की गाड़ियां घूमेंगी। अगर कोई बिना मास्क लगाए नजर आया तो तुरंत जुर्माना होगा। बेवजह घूमने वालों पर लॉकडाउन उल्लंघन का केस दर्ज किया जाएगा।