कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग व सर्विलांस प्रभावित
कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की लहर को लेकर ताजनगरी में एक महीने से कागजों में हाई अलर्ट है। शासन ने रात्रि कर्फ्यू लागू किया है। उधर बाजारों में भीड़ उमड़ने से नियम तार-तार हो रहे हैं। नए संक्रमितों की कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग व सर्विलांस भी कर्मचारियों की कमी से प्रभावित है। सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि कॉन्ट्रेक्ट ट्रेसिंग व सर्विलांस के लिए टीमें बढ़ाई जा रही हैं।
महामारी एक्ट में नहीं हो रहे चालान
शासन ने बाजारों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। बिना मास्क ग्राहकों को सामान नहीं देने के निर्देश हैं फिर भी लापरवाही नहीं थम रही। मंगलवार को शाहगंज, बोदला, लोहामंडी के अलावा फुव्वारा, रावतपाड़ा, किनारी बाजार में रात 10 बजे तक भीड़ उमड़ती रही। दो गज की दूरी के नियम टूटे। गश्त के लिए खड़े पुलिस कर्मी देखते रहे। महामारी एक्ट के तहत बिना मास्क पहने लोगों के विरुद्ध जुर्माना व चालान की कार्रवाई नहीं की गई।
दुबई, स्पेन से आए यात्रियों से संक्रमण का खतरा
दुबई और स्पेन से आने वाले छह यात्री बीते 15 दिनों में संक्रमित मिल चुके हैं। पहले एयरपोर्ट पर इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। आठ दिन बाद दोबारा जांच में पॉजिटिव मिले हैं। अंतरराष्ट्रीय यात्रियों से संक्रमण फैलने का खतरा है। स्वास्थ्य विभाग ने 77 देशों के यात्रियों को चिह्नित खतरे की श्रेणी में रखा है। ये ऐसे देश हैं जहां ओमिक्रॉन का संक्रमण बढ़ रहा है।