27एमएनपी-10-भोगांव के नवोदय विद्यालय स्थित क्वारंटीन हाउस में मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी/भोगांव। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोगांव के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती सात कोरोना संक्रमित की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। ये सभी लोग आगरा से भोगांव भेजे गए थे। स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर जांच के लिए सभी के नमूने जांच के लिए भेजे हैं।
आगरा से 12 अप्रैल को दस कोरोना संक्रमित मरीजों को भोगांव स्थित आइसोलेशन वार्ड में भेजा गया था। इसमें से तीन लोगों की हालत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा आगरा भेज दिया था। वहीं बाकी बचे सात संक्रमितों का उपचार यहीं चल रहा है। आगरा में दो बार इनकी जांच कराई गई थी। तीसरी बार जांच के लिए मैनपुरी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 13 अप्रैल को सभी के सैंपल लेकर केजीएमसी लखनऊ भेजे थे। इनकी रिपोर्ट रविवार शाम को निगेटिव प्राप्त हुई। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। रविवार शाम को ही इन सभी के दोबारा नमूने लेकर एक बार फिर जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग इन्हें आगरा वापस भेजने पर निर्णय करेगा।
वर्तमान में आइसोलेशन वार्ड में इन सात लोगों के अलावा दोबारा आगरा से भेजे गए नौ मरीज और मैनपुरी के पांच मरीज समेत 21 मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद मैनपुरी में संक्रमित पाए गए शामली के तीन जमातियों को शहर के शृंगार नगर स्थित क्वारंटीन हाउस में शिफ्ट किया जा चुका है।
27 को किया क्वारंटीन, सैंपल भी भेजे
सोमवार को भोगांव स्थित स्थित क्वारंटीन हाउस में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर से 27 अन्य लोगों को भी क्वारंटीन किया गया है। इससे अब कुल संख्या बढ़कर 37 हो गई है। सभी 27 लोगों के सैंपल लेकर भी जांच के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं। वहीं पूर्व में भेजे गए दस नमूनों की भी जांच रिपोर्ट अब तक प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन को सबसे ज्यादा इंतजार संक्रमित पाए गए करहल निवासी डॉक्टर के परिजनों की जांच रिपोर्ट का है।
आगरा से आए सात मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त हुई है। एक बार फिर सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। अगर इनकी भी रिपोर्ट निगेटिव आती है तो जिला प्रशासन इन लोगों को आगरा भेजने पर निर्णय करेगा।
डॉ. अमित भारती, चिकित्साधिकारी भोगांव।