तंबाकू और शराब के शौकीन हैं तो यह लत आज ही छोड़ दें। क्योंकि इनकी लत से कैंसर-लिवर की बीमारी का खतरा तो है ही, रोगों से लड़ने की क्षमता भी नहीं पनप रही है। कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए बनी वैक्सीन भी इन पर बेअसर है। वैक्सीन लगने के बाद ऐसे लोगों में एंटीबॉडी सबसे कम बनी हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज की 12 लोगों की रक्त की जांच में यह जानकारी सामने आई है।
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. नीतू चौहान ने बताया कि लोगों में कोरोना वैक्सीन लगवाने के बाद एंटीबॉडी की जांच के लिए चरणबद्ध नमूने एमएमयू अलीगढ़ भेजे जा रहे हैं। इसमें रविवार को वैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुके 40 से 70 साल की उम्र 12 लोगों की रिपोर्ट मिली है।
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के अनुसार 132 यूनिट/मिलीलीटर एंटीबॉडी होने चाहिए। रिपोर्ट में पांच लोगों में एंटीबॉडीज मानक से कम मिली। इनमें शराब, गुटका, सिगरेट, तंबाकू की आदत है। बीमार और स्टेरॉयड लेने वाले मरीज में तो नाममात्र की एंटीबॉडी मिली। बेहतर फिटनेस वालों में दोगुना एंटीबॉडी पाई गई हैं।