आगरा: कोरोना वैक्सीन लगवाती युवती
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना वायरस से बचने के लिए वैक्सीन की एक-एक डोज के लिए लोग अब घंटों लाइन में लगे हैं, यही जागरूकता पहले बरतते तो वैक्सीन की 8880 डोज बेकार नहीं जातीं। 16 जनवरी से 2 जून तक 45 से अधिक उम्र के लोगों के टीकाकरण के दौरान कम लोग पहुंचने के कारण वैक्सीन की 8880 डोज बर्बाद हो गईं।
एक वाइल में से 10 लोगों को टीका लग सकता है
जिला टीकाकरण प्रभारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि 16 जनवरी से 2 जून तक 45 साल से अधिक उम्र के 2,89,100 लोगों को टीका लगा है। इनके लिए 29798 वाइल केंद्रों पर भेजी गईं। एक वाइल में से 10 लोगों को टीका लग सकता है, ऐसे में इतनी वाइल 2,97,980 लोगों के लिए पर्याप्त थी, लेकिन 289100 लोग ही बूथों पर पहुंचे और वाइल में बची 8880 डोज लोगों को नहीं लग सकी और यह बेकार हो गईं।
दो बजे के बाद ज्यादा डोज हुईं बर्बाद
वैक्सीन की सबसे ज्यादा डोज दो बजे के बाद बेकार गईं। दोपहर को लंच के बाद बूथों पर तीन से पांच लोग ही आए, इनके लिए पूरी वाइल खोलनी पड़ी। वाइल खुलने के चार घंटे बाद इस्तेमाल नहीं की जा सकती है।
अब 10 लोग जुटने पर ही खोली जा रही वाइल
एसएन मेडिकल कॉलेज के टीकाकरण प्रभारी डॉ. शैलेंद्र चौधरी ने बताया बीते दो महीने में वैक्सीन 0.11 फीसदी डोज बेकार गईं हैं। अब दोपहर दो बजे के बाद 10 लोग जुटने के बाद ही वाइल खोली जा रही है, जिससे लगभग सभी डोज उपयोग में आ रही हैं।
358 युवाओं को लगी अतिरिक्त डोज
18 से 44 साल तक की उम्र के 121798 युवाओं को टीका लगा है, इसके लिए 12144 वाइल इस्तेमाल हुईं, वाइल में एक डोज अतिरिक्त रहती है, इस कारण 358 युवाओं को तय डोज से अधिक को लगाई जा सकी।
राहत: सात जून से चलेंगी लखनऊ-आगरा इंटरसिटी, अजमेर स्पेशल समेत आठ ट्रेनें