मैनपुरी में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के जिला प्रचारक और जिला कार्यवाह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पांच कर्मचारी भी संक्रमित पाए गए हैं।
मंगलवार को कुल 23 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। वहीं सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती महिला की मौत हो गई। मैनपुरी में आरएसएस पदाधिकारी पॉजिटिव होने से खलबली मच गई है। इनके संपर्क में आने वालों की सूची तैयार की जा रही है।
ये भी पढ़ें- राहत: कोरोना संक्रमण से मृत्युदर में आई कमी, 17 दिनों में हुई चार की मौत
रविवार की रात आई रिपोर्ट में एसएन मेडिकल कॉलेज में तैनात एक डॉक्टर सहित 14 लोग कोरोना संक्रमित मिले थे। सभी को अलग-अलग आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। संक्रमण से अभी तक 869 संक्रमित को ठीक हो चुके हैं। 19 लोगों की जिले में अब तक मौत हो चुकी है।
सोमवार को 26 मरीजों की फॉलोअप रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त होने के बाद सभी को होमक्वारंटीन के लिए घर भेज दिया गया। नोडल प्रभारी डॉ. प्रदीप यादव ने कोविड केयर सेंटर में भर्ती कोरोना संक्रमितों में से 26 लोंगो की फॉलोअप रिपोर्ट निगेटिव प्राप्त होने पर उन्हें आइसोलेशन वार्ड से छुट्टी दे दी। सभी को सैनिटाइज कराने के बाद मलेरिया इंस्पेक्टर विवेक राजपूत की देखरेख में प्रमाणपत्र दिया गया।
ठीक होने वाले मरीजों में 22 कुरावली, तीन मैनपुरी और एक जागीर का मरीज शामिल थे। सभी को एंबुलेंस से घर भिजवाया गया। यहां स्थित क्वारंटीन हाउस पहुंचे सात संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजे गए। डॉ. शशी प्रभा कौशल, डॉ. प्रेम नारायन, डॉ. पवन राजपूत, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. विजय सिंह आदि लोग मौजूद रहे।
आठपुरा में 103 ग्रामीणों के सैंपल लिए
सोमवार को क्षेत्र के गांव आठपुरा में चिकित्साधीक्षक डॉ. मुनींद्र सिंह चौहान के निर्देश पर स्वास्थ्यकर्मियों की टीम पहुंची। टीम ने यहां कैंप लगाकर 103 ग्रामीणों के सैंपल लिए। टीम में किशनपाल, दीप सिंह, सत्यजीत, दिलीप कुमार आदि स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।