मैनपुरी। विधानसभा चुनाव में टिकट पाने के लिए दावेदारों ने लखनऊ और दिल्ली में डेरा डाल दिया है। टिकट पाने के लिए दावेदार जुगत लगा रहे हैं। भाजपा और सपा में टिकट पाने के लिए दावेदारों में जोर आजमाइश चल रही है। कार्यकर्ताओं को भी प्रत्याशियों का इंतजार है। कांग्रेस चार में से दो सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।
विधानसभा चुनाव के लिए टिकट घोषित करने में कांग्रेस बाजी मार चुकी है। सदर और करहल विधानसभा सीट के लिए कांग्रेस प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। भाजपा और सपा में टिकट पाने के लिए मारामारी है। भाजपा और सपा से टिकट चाहने वाले दावेदारों ने लखनऊ और दिल्ली में डेरा जमा दिया है।
सपा में सबसे ज्यादा दावेदार भोगांव सीट पर हैं। भोगांव से वर्तमान में भाजपा के विधायक है। जबकि सदर, किशनी और करहल में सपा के विधायक हैं। भाजपा से करहल, किशनी और मैनपुरी विधानसभा से टिकट पाने के लिए दावेदारों में होड़ मची हुई है।
भाजपा में दावेदारों की संख्या बहुत अधिक है। पार्टी स्वच्छ छवि वाले जिताऊ और टिकाऊ दावेदारों पर भी निगाह लगाए है। दो तीन दिन में पार्टी प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे।
प्रदीप चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा
सपा का एजेंडा साफ है। तीन सीटों पर सपा लंबे समय से जीत रही है। भोगांव सीट पर भी इस बार पार्टी मंथन कर रही है। तीन चार दिन में चारों सीटों पर प्रत्याशी घोषित हो जाएंगे।
देवेंद्र सिंह यादव, जिलाध्यक्ष सपा
बसपा कैडर आधारित पार्टी है। पार्टी में हर सीट पर पांच से छह लोगों ने दावेदारी की है। प्रत्याशी के लिए कार्यकर्ताओं से भी राय ली गई है। दो-तीन दिन में प्रत्याशी घोषित किया जाएगा।
सुनील वर्मा, जिलाध्यक्ष बसपा
कांग्रेस अपनी घोषणा के मुताबिक मैनपुरी और करहल सीट पर दो महिलाओं को टिकट दे चुकी है। किशनी और भोगांव विधानसभा सीट पर भी दो तीन दिन में ही पार्टी के प्रत्याशी घोषित हो जाएंगे।
विनीता शाक्य, जिलाध्यक्ष कांग्रेस