कासगंज। सोरों सूकरक्षेत्र एवं संत तुलसीदास की जन्मस्थली को तीर्थस्थल घोषित कराने के लिए मांग उठाई है। आगामी समय में हो रहे यूपी के चुनावों में कांग्रेस के घोषणापत्र में यह मांग शामिल किए जाने के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ यह ज्ञापन भारत सरकार के पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद को सौंपा है। पूर्व विदेशमंत्री से इस मांग को कांग्रेस के घोषणापत्र में शामिल करने का आग्रह किया गया है।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अदनान खान ने पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि सोरों सूकरक्षेत्र संत तुलसीदास की जन्मस्थली है। पटियाली कवि अमीर खुसरो की जन्मस्थली है। इन्हें तीर्थस्थल घोषित करने के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र में शामिल किया जाए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लगातार सोरों, पटियाली को तीर्थस्थल घोषित करने की मांग कर रही है। इसे गंगा जमुनी संस्कृति को स्थापित करने के लिए कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल किया जाए। जिससे लोगों का जुड़ाव कांग्रेस से बढ़ सके। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकिर आलम, राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, पूर्व एमएलसी विवेक बंसल, जिले के पूर्व प्रभारी मुकेश धनगर, जिला महासचिव अमित पाठक आदि मौजूद रहे।