सपा और बसपा के गठबंधन का एलान होते ही कांग्रेस ने भी अकेले लोकसभा चुनाव में उतरने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। आगरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के बाद अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की जनसभा होगी।
राहुल की जनसभाएं फरवरी के पहले पखवाड़े से शुरू होंगी। मंडलवार 15 सभाएं होंगी। हालांकि आगरा में उनकी जनसभा किस तारीख को होगी यह अभी तय नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि फरवरी के दूसरे पखवाड़े तक राहुल की जनसभा होगी।
शनिवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस वार रूम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं यूपी के प्रभारी गुलाम नबी आजाद, प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, प्रमोद तिवारी और संजय सिंह ने जिला एवं महानगर अध्यक्षों के साथ बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारी पर चर्चा की।