कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा अपने अंतिम चरण के दौरान सोमवार को वृंदावन पहुंची। यहां कांग्रेसी नेताओं ने पहले ठाकुर श्रीबांकेबिहारी महाराज के दर्शन किए। मंदिर के सेवायत आचार्य गोपी गोस्वामी ने पूजन कराया। इसके बाद गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कांग्रेसियों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। पत्रकारों से बात करते हुए ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सर व पार्टी के स्टार प्रचारक विजेंदर सिंह ने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में बदलाव की लहर चल रही है। जनता बदलाव चाहती है। उत्तर प्रदेश में कोई भी पार्टी रिपीट नहीं करती है।
यात्रा का किया स्वागत
पूर्व मंत्री जफर अली नकवी ने कहा कि भाजपा की विघटनकारी नीति को अब जनता समझ चुकी है। अब वही सत्ता में काबिज होगा जो जनता की समस्याओं को दूर करेगा। इससे पूर्व यात्रा गांधी पार्क पहुंची। जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व शहीद लक्ष्मण की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। स्थानीय वृंदावन गार्डन में कार्यक्रम में कांग्रेसियों ने यात्रा का स्वागत किया। प्रतिज्ञा यात्रा में राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, राष्ट्रीय सचिव जितेंद्र बघेल, राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम, युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर सिंह, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, कांग्रेस विधानमंडल दल के पूर्व नेता प्रदीप माथुर, महेश पाठक, पूर्व विधायक गजराज सिंह, बंशी पहाड़िया, पूर्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिमा सिंह, जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा एडवोकेट आदि शामिल रहे।