सदस्यता अभियान होगा संविधान दिवस से शुरू
कांग्रेस प्रदेश में एक करोड़ नए लोगों को जोड़ने के लिए 26 नवंबर को संविधान दिवस से सदस्यता महाभियान की शुरुआत कर रही है, जोकि 10 दिसंबर तक चलेगा। एक परिवार, नए सदस्य चार, के नारे के साथ इसकी शुरुआत लखनऊ में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे।
इस अभियान में जिला, शहर के साथ ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा टिकट के दावेदारों को कम से कम 10 हजार नए सदस्य बनाने होंगे। आवेदक 25 सदस्यता टीमों का गठन करेंगे। सदस्यता टीम प्रतिदिन कम से कम 25 सदस्य बनाएगी।
'पदाधिकारियों को दी जिम्मेदारी'
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने कहा कि पदयात्राओं की जिम्मेदारी जिले और शहर के पदाधिकारियों को दी गई है। टिकट के दावेदार अपना दावा मजबूत करने को संगठन और जनता में अपनी पकड़ दिखाने को पदयात्रा निकाल रहे हैं।