आगरा में पीड़ित इंस्पेक्टर और दरोगा के खिलाफ कोर्ट पहुंच गया। कहा कि इन लोगों ने घर में घुसकर गालीगलौज की। पीटकर थाने ले गए। छोड़ने के लिए एक लाख की डिमांड की।
उत्तर प्रदेश के आगरा में इंस्पेक्टर और दरोगा के खिलाफ कोर्ट में शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि पुलिसटीम के साथ घर में घुसकर इन लोगों ने परिजन के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। साथ ही मुझे थाने ले गए। छोड़ने के बदले एक लाख रुपयों की मांग की। इस पर सीजेएम ने बयान दर्ज कराने के लिए 19 जुलाई की तारीख तय की है।
विज्ञापन
मामला अछनेरा थाना क्षेत्र के लालदास का है। यहां के निवासी जीतेश कुमार अधिवक्ता विमलपाल सिंह और प्रवेश सोलंकी के माध्यम से अदालत में शिकायती पत्र दिया। बताया कि वादी ने 17 जून 2023 को दक्षिण बाईपास टोल टैक्स के पास स्थित चामुंडा मन्दिर पर भंडारे का आयोजन किया था।
इस दौरान अछनेरा थाना के इंस्पेक्टर और दरोगा अन्य पुलिसकर्मियों के साथ वहां पर पहुंचे। बताया कि मौके पर उन्होंने कहा कि 'तूने ही हमारी शिकायत अधिकारियों से की थी। यहां पर भीड़ क्यों लगा रखी है।' इस पर लोगों ने विरोध किया तो वहां से चले गए।
बताया कि कुछ देर बाद दोपहर करीब तीन बजे वह सभी पुलिसकर्मी वादी के घर पहुंच गए। परिजन के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। वादी को थाने ले गए। छोड़ने के बदले भाई से एक लाख रुपये की मांग की। वादी के विरुद्ध 151 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई करके निरुद्ध कर दिया। इसके बाद उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हुई।