मथुरा के थाना नौहझील क्षेत्र में गांव पिथौरा के पास राया मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक और क्लीनर वाहन छोड़ भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार गोमती नगर 3/11 विशाल खण्ड लखनऊ निवासी प्रशांत मिश्रा (28वर्ष) पुत्र स्वर्गीय संतोष कुमार मिश्रा घड़ी डिटर्जेंट कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वह मथुरा में एक मकान में किराये पर रह रहे थे।
गुरुवार दोपहर को काम के सिलसिले में मथुरा से नौहझील आ रहे थे, तभी पिथौरा गांव के पास नौहझील से राया की तरफ जा रहे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे प्रशांत की मौके पर ही मौत हो गई। एसएसआई राजकुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। जांच की जा रही है।