आगरा मंडलायुक्त अनिल कुमार, उनके बेटे शान में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। मंडलायुक्त की पुत्री व पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि जांच के दौरान मंगलवार को मंडलायुक्त एवं उनका पुत्र संक्रमित मिले।
कैंप कार्यालय स्थित आवास में होम आइसोलेशन में दोनों का उपचार चल रहा है। सोमवार को मंडलायुक्त का वाहन चालक संक्रमित मिला था। इसके बाद ही मंडलायुक्त के परिवार की जांच कराई गई। आशंका जताई जा रही है कि वाहन चालक से संक्रमण फैला। हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
माता-पिता का हो चुकी है मृत्यु
मंडलायुक्त अनिल कुमार के माता-पिता की कोरोना संक्रमित होने के बाद उपचार के दौरान मृत्यु हो चुकी है। तब मंडलायुक्त की दोनों बहनों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। उपचार के बाद वे ठीक हो गईं।
खाजूपुरा में चार बच्चे संक्रमित, 57 नए मरीज मिले
बुधवार को कोरोना वायरस के 57 नए मरीज मिले हैं। इसमें खाजूपुरा बाह और पश्चिमपुरी में एक ही परिवार के चार-चार सदस्य शामिल हैं। जज कंपाउंड में रहने वाली एक निजी चिकित्सक की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है।
खाजूपुरा बाह में संक्रमित मरीजों में छह-छह साल के दो बच्चे और 10 और 15 साल की दो बालिकाएं शामिल हैं। पश्चिमपुरी में एक ही परिवार के चार सदस्यों में एक चार साल का बच्चा भी शामिल है। फतेहाबाद में एक ही परिवार दो सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
खंदौली, फुलट्टी बाजार, मौजा चमरौली, रामजी नगर कहरई, श्री तुलसी स्काई सिटी बोदला, ट्रांसयमुना कॉलोनी, खेरिया मोड़, आरटीओ कंपाउंड, एनआरआई सिटी बोदला, मोती कटरा, पांडव नगर, आवास विकास कॉलोनी और बाबू गुलाब राय मार्ग दिल्ली गेट में भी कोरोना वायरस के मरीज मिले हैं।