टूंडला। आगरा हाइवे पर स्थित एक शीतगृह के स्वामी और उसके बेटे और दो अन्य लोगों को शीतगृह में बने उनके ऑफिस में घुसकर पीटा गया। शीतगृह स्वामी ने पांच नामजद व 30-35 अन्य के विरुद्ध पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ऑफिस में तोड़फोड़ का भी आरोप लगाया है।
नगर के बल्देव रोड निवासी नीरज जैन ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि मंगलवार सायं साढ़े छह बजे करीब वह अपने पुत्र व अन्य किसानों के साथ आगरा रोड स्थित अपने एसएल जैन आइस एंड कोल्ड स्टोर पर बैठा था। इसी दौरान अवधेश उर्फ शप्पू निवासी गढ़ी फतेह, सनी निवासी गढ़ी फतेह, दीपेंद्र निवासी लखनई, मनोज निवासी हरिदासपुर, करुआ निवासी गढ़ी पुरानी थाना नारखी व अन्य 30-35 अज्ञात लोग अचानक ऑफिस में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए चौकीदार को धक्का मारकर बाहर कर दिया।
अंदर आते ही उक्त लोगों ने पीटना शुरू कर दिया। वहां बैठे दलवीर जाटव और गोरे लाल जाटव और पुत्र नम्र जैन ने विरोध किया तो उनको भी पीटा। इस पर उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर उक्त लोग जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। जाने से पहले उक्त लोगों ने ऑफिस में तोड़फोड़ भी की। नीरज ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध जल्द से जल्द कार्रवाई किए जाने की मांग की है। थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।