मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 14 फरवरी को वृंदावन में आगमन होगा। मुख्यमंत्री यहां ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन करेंगे और दो आश्रमों में संतों से मिलने जाएंगे। मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम की रूपरेखा पर गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की।
वृंदावन में 16 फरवरी से कुंभ मेला बैठक का आयोजन शुरू होगा। इससे दो दिन पहले 14 फरवरी को मुख्यमंत्री का आगमन प्रस्तावित है। इसे लेकर डीएम नवनीत चहल, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, मेलाधिकारी नगेंद्र कुमार और नगर आयुक्त रविंद्र कुमार मांदड़ ने विधायक पूरन प्रकाश, भाजपा महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल के साथ चर्चा की।
मुख्यमंत्री यहां श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद संत विजय कौशल और संत ज्ञानानंद के आश्रम जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। यहां से नवनिर्मित देवरहा बाबा घाट पर यमुना की आरती और मेलास्थल के संस्कृति मंच पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां मुख्यमंत्री विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बोर्ड बैठक में हिस्सा लेकर संतों से भी मुलाकात करेंगे।