मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को आगरा आ रहे हैं। वह सात घंटे शहर में रहेंगे। इस दौरान कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के आगमन का कार्यक्रम मिल चुका है। मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी लखनऊ से आएंगे। मुख्यमंत्री के साथ एमएसएमई मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद गुप्ता भी मौजूद होंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी का हेलिकॉप्टर रविवार सुबह 10:40 खेरिया एयरपोर्ट पर उतरेगा। यहां से मुख्यमंत्री कार से आगरा के लिए प्रस्थान करेंगे। सबसे पहले होटल ताज विलास में होने वाली भाजपा की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद कोरोना वारियर्स के सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शनिवार रात तक प्रशासन तैयारियों में जुटा रहा। बैठक में आगरा मंडल के सभी जिलों से विधायक, सांसदों के अलावा जिलाध्यक्ष व अन्य पार्टी पदाधिकारी शामिल रहेंगे। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने दोनों नेताओं के आगमन की पुष्टि करते हुए सभी तैयारियां दुरुस्त होने की बात कही है।
मुख्यमंत्री का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
- 10.40 बजे खेरिया एयरपोर्ट पर आगमन
- 11.00 बजे होटल ताज विलास, फतेहाबाद रोड
- 11 से 12.30 बजे तक- ब्रज क्षेत्र की बैठक
- 12.45 से 2 बजे तक- जनप्रतिनिधियों की बैठक
- 2.30 से 2.45 तक- पार्टी पदाधिकारियों की बैठक
- 2.45 बजे- प्रस्थान होटल ताज विलास से
-2.55 बजे- एसएनजे गोल्ड में कोरोना वॉरियर सम्मान
- 3 से 5 बजे तक- एसएनजे गोल्ड में मंथन
- 5.20 बजे- आगमन खेरिया एयरपोर्ट के लिए
- 5.35 बजे- प्रस्थान- लखनऊ के लिए
13 किमी का वीआईपी रूट चमकाया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को आगरा में सुबह से शाम तक रहेंगे। उनके आने से पहले सरकारी विभागों ने महज 24 घंटे के अंदर 13 किमी का वह वीआईपी रूट चमका दिया, जहां से वह निकलेंगे। खेरिया हवाई अड्डे से लेकर फतेहाबाद रोड स्थित एसएनजे गोल्ड कन्वेंशन सेंटर के बीच की 13 किमी लंबे वीआईपी रोड पर दिन रात सफाई कर्मचारी जुटे रहे, वहीं एक इंच का गड्ढा भी इस सड़क पर नहीं रहने दिया गया।