विपक्ष पर जमकर बरसे
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बसपा में आपराधिक छवि के प्रत्याशियों को टिकट देने की होड़ लगी है। जब-जब सपा और बसपा की सरकार बनी, इन्होंने प्रदेश को बर्बाद करने के षड्यंत्र रचे। इस बार सूबे में डबल इंजन की सरकार है जिसमें हर गरीब, किसान, नौजवान और महिलाओं को सम्मान मिल रहा है।
बिना नाम लिए अखिलेश-शिवपाल पर हमला
योगी ने आगे कहा कि पांच लाख नौजवानों को राेजगार दिए हैं। पिछली सरकारों में नौकरी निकलती थी तब चाचा-भतीजा नौकरी के नाम पर वसूली के लिए निकलते थे। लूट-खसोट होती थी। तबादलों के नाम पर पैसे वसूलते थे। माफियाओं को छूट मिलती थी। रैलियों पर इस बार कोरोना के चलते आयोग ने रोक लगाई है। लेकिन कार्यकर्ता सुनने के लिए आ रहे हैं। आगामी 10 मार्च को सरकार बनने के बाद फिर से माफियाओं पर बुलडोजर चलेगा। योगी ने कहा कि हमें कोरोना वायरस महामारी से लड़ना है। साथ ही इस चुनाव में अपराध, माफिया और अराजकता को बढ़ावा देने वाले तत्वों को भी हराना है।
प्रदेश की सेवा के लिए चौधरी उदयभान को लगाया
आगरा की फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट से चौधरी बाबूलाल को टिकट दिया है। योगी आदित्यनाथ लोगों से कहा कि चौधरी बाबूलाल एक युवा हैं और आपकी तरह युवा बनकर कार्य करना चाहते हैं। चौधरी बाबूलाल जब काम करेंगे तो पेयजल, बालिका शिक्षा की समस्या का समाधान होगा। कॉलेज पहले ही स्वीकृत हो चुका है। उन्होंने चौधरी उदयभान का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने लोगों की सेवा की और प्रदेश सरकार में मंत्री बने। भारत माता की जय के साथ योगी आदित्यनाथ ने किरावली में अपना भाषण समाप्त किया।