कासगंज। दो दिन पूर्व जिला प्रशासन को सीएम के जिले के पटियाली विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क के लिए आने की सूचना मिली। इस सूचना पर प्रशासनिक अमला सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा में जुटा। गणतंत्र दिवस की परेड के कार्यक्रम के बाद अधिकारियों ने समीक्षा की, लेकिन शाम के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम टलने की सूचना मिली।
कोरोना महामारी के कारण अभी चुनावी रैलियों पर रोक चल रही है। ऐसी स्थिति में पार्टी के नेता स्वयं डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान पर चल रहे हैं। पटियाली विधानसभा क्षेत्र में सीएम योगी आदित्यनाथ के आने का कार्यक्रम लगा। उन्हें आज शुक्रवार को पटियाली आना था। आचार संहिता के कारण प्रशासन व पुलिस को विशेष प्रबंध नहीं करने थे, केवल सुरक्षा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करनी थी। इसके लिए डीएम व एसपी के निर्देश पर सुरक्षा आदि के संबंध में दिशा निर्देश जारी किए, लेकिन सायं के समय उनका आगमन टलने की सूचना मिली। उसके बाद सभी तैयारियां रोक दी गईं। भाजपा जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी ने बताया कि फिलहाल मुख्यमंत्री का कार्यक्रम टल गया है। उनके पुन: आगमन की तिथियां आ सकती हैं।