टूंडला तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर समस्याएं सुनते जिलाधिकारी चंद्रविजय व अन्य अधिकारी।
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। तहसील सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 121 शिकायतें आईं और एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों का सप्ताह भर के अंदर निस्तारण किए जाने की बात कही गई।
जिलाधिकारी चंद्रविजय सिंह समय से तहसील सभागार में पहुंचे और शिकायतों को सुना। भाजपा नगर अध्यक्ष रूपेश शुक्ला ने नगर के टाइनी टोट्स, क्राइस्ट द किंग स्कूल, गुरुनानक इंटर कॉलेज, एमएस इंटर कालेज के प्रबंधकों द्वारा जबरन फीस वसूली की शिकायत दर्ज कराई। ग्राम सभा रूधऊ मुस्तिकल के ग्रामीणों ने 60 प्रतिशत उपभोक्ताओं के बिल जमा होने के बावजूद विद्युत सप्लाई बंद किए जाने की शिकायत की। शिकायत करने वालों में शंकरलाल, अजय कुमार, बच्चू सिंह, रमेश चंद्र आदि थे।
थाना पचोखरा के गांव नगला सूरज निवासी पूनम पत्नी विजय सिंह ने गांव के ही बबलू, बौबी, सेठी के ऊपर पति-पत्नी के साथ मारपीट व छेड़खानी का आरोप लगाया। जिस पर पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। पचोखरा निवासी हेमंत कुमार ने दुकान के आगे नाली की सफाई न होने से गंदगी और मच्छर होने की शिकायत दर्ज कराई। नागऊ निवासी सीपी रावत ने राजा का ताल चौकी का नाम बदलकर नागऊ चौकी किए जाने को लेकर मांगपत्र पुलिस अधीक्षक का सौंपा। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पांडे, सीडीओ चर्चित गौड, एसडीएम बुशरा बानो, तहसीलदार डॉ. गजेन्द्रपाल सिंह, ईओ पालिका मुकेश कुमार, मनीष चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।