आगरा के बच्चों ने अपनी प्रतिभा से लोगों को न सिर्फ प्रभावित किया बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार जीते हैं। कराटे गर्ल आन्या और पंखुरी हों या 14 साल की कथक नृत्यांगना पल। पल तो कथक में दो रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी हैं। पंखुरी और आन्या ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं। कड़ी मेहनत, अनुशासन इनकी सफलता की कुंजी है। बड़ों के लिए भी मिसाल बन गए हैं।
आन्या ने एक साल में जीते तीन पदक
गणपति स्मार्ट सिटी, बाईंपुर निवासी आठ साल की कराटे खिलाड़ी आन्या चौधरी ने एक साल में राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय प्रतियोगिता में तीन पदक जीतकर ध्यान खींचा। इस साल अगस्त में लखनऊ में खेली गई यूपी कराटे चैंपियनशिप में आन्या ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। जुलाई में आगरा में हुई जिला स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था। अलीगढ़ में हुई राज्य स्तरीय कराटे चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल पर उन्होंने ही कब्जा किया।