मैनपुरी। शहर के मोहल्ला न्यू गाड़ीवान में एक चार माह के मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद भी कोतवाली पुलिस तहरीर आने का इंतजार कर रही है। गंभीर मामले में किसी से पूछताछ तक नहीं की गई। इंस्पेक्टर की मानें तो तहरीर मिलेगी तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
थाना बिछवां क्षेत्र के गांव करीमगंज निवासी अनिल कुमार की पत्नी अंशिका करीब एक माह पूर्व चार वर्षीय पुत्र भूपेंद्र को साथ लेकर अपने मायके कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला न्यू गाड़ीवान आ गई थी। कई बार पति के बुलाने पर भी घर वापस नहीं गई। उसने पति से टच स्क्रीन का मोबाइल मांगा तो मजदूर ने उसकी भी व्यवस्था की, लेकिन फिर भी पत्नी ने साथ आने से मना कर दिया। एक मई को चार माह के मासूम की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद पिता की शिकायत पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हर किसी को चौंका दिया। मौत की वजह गला दबाकर हत्या बताई गई। इसके बावजूद कोतवाली पुलिस ने गंभीर मामले में न तो किसी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया न हीं कोई अन्य कार्रवाई की। रिपोर्ट दर्ज किए जाने के संबंध में जब इंस्पेक्टर कोतवाली अनिल सिंह से जानकारी ली तो उनका कहना था कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली पुलिस की लापरवाह कार्यशैली
मासूम की बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मां और नानी पर लगाया गया है। इस आरोप के संबंध में शिकायत पर ही पुलिस द्वारा शव का पोस्टमार्टम भी सोमवार को कराया गया, लेकिन इसके बावजूद कोतवाली पुलिस तहरीर न मिलने का राग अलाप रही है। गंभीर मामले में कोतवाली पुलिस की गैर जिम्मेदाराना व लापरवाह कार्यशैली लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी है।