फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा: दो केंद्रों पर परीक्षार्थियों को बोलकर कराई नकल, उड़नदस्ते की गाड़ी में लिफाफा फेंका

Thu, 29 Jul 2021 08:15 AM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा

सार

कृष्णा डिग्री कॉलेज से उत्तर पुस्तिकाओं को सील करके ले आया गया। वहीं, ममता डिग्री कॉलेज में सॉल्व्ड पेपर भी बरामद किया। उड़नदस्ते के सदस्य नकल के साक्ष्य लेकर लौटने लगे तो गाड़ी में लिफाफा भी फेंका गया।
विज्ञापन
सीसीटीवी में कैद हुए नकल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में बुधवार को कंट्रोल रूम और उड़नदस्तों की सक्रियता से दो केंद्रों पर सामूहिक नकल पकड़ी गई। कृष्णा डिग्री कॉलेज, बमरौली कटारा आगरा व ममता डिग्री कॉलेज, एटा में परीक्षार्थियों को बोलकर नकल कराई जा रही थी। कृष्णा डिग्री कॉलेज से उत्तर पुस्तिकाओं को सील करके ले आया गया। वहीं, ममता डिग्री कॉलेज में सॉल्व्ड पेपर भी बरामद किया। उड़नदस्ते के सदस्य नकल के साक्ष्य लेकर लौटने लगे तो गाड़ी में लिफाफा भी फेंका गया। इसमें रुपये होने की आशंका जताई जा रही है। ये सारी चीजें परीक्षा नियंत्रक को सौंप दी गई हैं। 

विज्ञापन

कृष्णा डिग्री कॉलेज में नकल की सूचना के आधार पर परीक्षा नियंत्रक अजय कृष्ण यादव, उड़नदस्ता प्रभारी प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव, सहायक कुलसचिव पवन कुमार, अजय कुमार गौतम और कैलाश बिंद केंद्र का दस्ता पहली पाली की परीक्षा के दौरान पहुंचा। पाया गया कि केंद्र में बोलकर नकल कराई जा रही थी। पहली पाली में केंद्र में 145 परीक्षार्थियों की परीक्षा थी। प्रश्नपत्रों की बुकलेट की सीरीज की कोडिंग एक समान करके प्रश्नों को हल करवाया जा रहा था। उदाहरण के तौर पर एक प्रश्नपत्र के सीरीज में जो प्रश्न पांच नंबर पर था, वही दूसरी सीरीज में 20 नंबर था। ओएमआर शीट पर परीक्षार्थियों ने उसी प्रश्न को हल किया था। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अजय कृष्ण गौतम के मुताबिक सभी ओएमआर और प्रश्नपत्रों की बुकलेट और उपस्थिति पत्रक जब्त कर लिया गया है। 

विज्ञापन

दो बार गाड़ी में फेंका गया लिफाफा
पहली पाली की परीक्षा के दौरान ही आरबीएस कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. युवराज सिंह के नेतृत्व में डॉ. राजेश कुशवाहा, डॉ. कौशल राना और डॉ. जयवीर सिंह का उड़नदस्ता ममता डिग्री कॉलेज, सादाबाद रोड, जलेसर, एटा पहुंचा। बीएससी द्वितीय वर्ष की वनस्पति विज्ञान विषय की परीक्षा चल रही थी। बोलकर नकल कराई जा रही थी। केंद्र में उड़नदस्ते को सॉल्व्ड पेपर मिला। दस्ते के सदस्यों ने वीडियोग्राफी की। परीक्षा प्रभारी पूछने पर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उड़नदस्ता वापस जाने लगा तो उनकी कार में एक लिफाफा फेंका गया। एक बार लिफाफा वापस करने के बाद दोबारा चलने लगे तो फिर से लिफाफा फेंक दिया गया। परिस्थितियां देखते हुए उड़नदस्ता लिफाफा लेकर लौट आया। पूरी रिपोर्ट बनाकर परीक्षा नियंत्रक को सौंप दी। 

उड़नदस्ते की मौजूदगी में होगी परीक्षा
विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय का कहना है कि ममता डिग्री कॉलेज में आगे की परीक्षाएं उड़नदस्ते की मौजूदगी में कराई जाएगी। परीक्षा केंद्र के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 
सीसीटीवी कैमरे में नकल कैद: कॉपियों में ताकझांक करते दिखे छात्र-छात्राएं, आगरा मंडल के कई केंद्रों को नोटिस जारी 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें