अब इन तिथियों पर होगा मतदान
चरण पहले अब (नई तिथि)
प्रथम चरण 09 अक्तूबर 11 अक्तूबर
द्वितीय चरण 13 अक्तूबर 15 अक्तूबर
तृतीय चरण 17 अक्तूबर 18 अक्तूबर
चतुर्थ चरण 29 अक्तूबर 29 अक्तूबर
जिला और क्षेत्र पंचायत सदस्य के प्रथम चरण के मतदान और रामबारात, जनकपुरी महोत्सव की सुरक्षा के लिए परेशान अधिकारियों को बड़ी राहत मिली है। स्थानीय प्रशासन की सिफारिश पर आयोग ने आगरा में जिला पंचायत चुनाव की तारीखों में बदलाव कर दिया है। अब नौ अक्तूबर को होने जा रहा प्रथम चरण का मतदान 11 अक्तूबर होगा।
बता दें, आगरा में आठ अक्तूबर को उत्तर भारत की प्रमुख रामबारात शोभायात्रा निकाली जाएगी। नौ और 10 अक्तूबर को जनकपुरी महोत्सव है। रामबारात शोभायात्रा की सुरक्षा के लिए कई जिलों की फोर्स को बुलाया जाता था, लेकिन चुनाव के कारण फोर्स उपलब्ध नहीं हो रहा था। स्थानीय प्रशासन की बड़ी चिंता यह थी कि नौ को मतदान के लिए आठ अक्तूबर की शाम को ही फोर्स रवाना हो जाता। ऐसे में रामबारात शोभायात्रा की सुरक्षा कैसे होती। प्रशासन ने शासन से सिफारिश की थी कि या तो फोर्स उपलब्ध कराया जाए या चुनाव की तारीखों में फेरबदल किया जाए। शनिवार को आगरा आए प्रमुख सचिव गृह और डीजीपी के समक्ष भी यह मुद्दा उठाया गया। डीएम पंकज कुमार ने बताया कि रामबारात की सुरक्षा और मतदान की संवेदनशीलता को देखते हुए चुनाव आयोग ने तारीखों में बदलाव कर दिया है।
चुनाव संबंधी अन्य प्रक्रिया में कोई परिवर्तन नहीं
रिटर्निंग आफीसर नागेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रथम चरण के लिए प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का वितरण किया जा चुका है। द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ चरण की नामांकन प्रक्रिया जारी है। मतदान की तिथि बदलने का इस प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा। दूसरे चरण की नाम वापसी की तिथि छह अक्तूबर है। तीसरे चरण का नामांकन छह और सात अक्तूबर होगा। नामांकन पत्रों की जांच आठ और नौ तथा नाम वापसी 10 अक्तूबर को होगी। इसी तरह चौथे चरण का नामांकन 09-10 अक्तूबर को, इनकी जांच 14-15 को और नाम वापसी की तिथि 16 अक्तूबर है।
अतिरिक्तफोर्स की भेजी थी डिमांड
रामबारात की सुरक्षा के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के पसीने छूट रहे थे। पिछले दिनों हुई वीडियो कान्फ्रेसिंग में डीजीपी ने साफ इनकार कर दिया था कि किसी भी जिले को चुनाव कराने के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स नहीं दिया जाएगा। बावजूद इसके अधिकारियों ने करीब 1400 कांस्टेबल, 120 सब इंस्पेक्टर, 10 डिप्टी एसपी, 08 एडीशनल एएसपी आदि की डिमांड भेजी थी। डर भी सता रहा था कि कहीं फोर्स नहीं मिला तो क्या होगा। इसके चलते शहर के सभी मजिस्ट्रेटों को चुनाव ड्यूटी से हटा दिया गया था। एडीएम सिटी राजेश श्रीवास्तव ने सिविल डिफेंस को अलर्ट कर दिया था। तकरीबन 322 वालंटियर की ड्यूटी रामबारात में लगाने की योजना बनाई थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने चुनाव टालने की सिफारिश पहले ही कर दी थी, लेकिन किरकिरी के डर से छुपाते रहे।