मथुरा के 128 में से 24 कॉलेज ही ले सकेंगे छात्रों का प्रवेश
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय से संबद्ध मथुरा के 128 में से 24 कॉलेज ही शैक्षणिक सत्र 2021-22 में छात्रों का प्रवेश ले सकेंगे। कॉलेजों में आधारभूत सुविधाएं न होने पर प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। यह कार्रवाई विधानसभा सदस्य की शिकायत पर कराई गई जांच के बाद की गई है। वहीं, 31 कॉलेज ऐसे हैं, जिनको कमियां पूरा करने के लिए 23 अगस्त तक का समय दिया गया है।
प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने बताया कि विधानसभा सदस्य पूरन प्रकाश की शिकायत पर मथुरा के सभी कॉलेजों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं की जांच विश्वविद्यालय की ओर से समितियां बनाकर कराई गई। कुलपति, कुलसचिव और उच्च शिक्षा अधिकारी की ओर से समितियां बनाई गई थीं। जांच रिपोर्ट को कार्य परिषद में रखा गया। 29 जनवरी 2021 को रिपोर्ट शासन और विधानसभा में भेजी गई। इसके अनुसार 24 कॉलेजों की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
वहीं, 31 कॉलेजों को कमियां पूरी करने के लिए पहले 30 जून 2021 तक का समय दिया गया। यह कहा गया है कि कमियां पूरी न करने पर सत्र 2021-22 के लिए 50 फीसदी सीट कटौती के साथ संबद्धता दी जाएगी। यह अवधि 23 अगस्त तक बढ़ा दी गई। अब इस अवधि तक जो कॉलेज कमियां पूरी नहीं करेंगे, उनको 50 फीसदी सीटों पर ही प्रवेश लेने की अनुमति दी जाएगी।
68 कॉलेजों की संबद्धता अग्रिम आदेशों तक स्थगित
जिले के 68 कॉलेजों की संबद्धता अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दी गई है। इन कमियों को पूरा करने के लिए कोई समय भी नहीं दिया गया है। इस सूची में श्रीमती लीला देवी कॉलेज, बल्देव, मथुरा का नाम भी शामिल हैं। बीएससी जूलॉजी की परीक्षा में एक वीडियो वायरल हुआ था। जो कि इसी कॉलेज का बताया जा रहा है। विश्वविद्यालय की ओर से इसकी जांच कराई जा रही है।
आगरा: सोशल मीडिया पर शहर मुफ्ती के खिलाफ मुकदमे का विरोध, आगरा बंद का आह्वान