दयालबाग सत्संग सभा के पदाधिकारी पत्नी से बाइकर्स गैंग ने सोने की चेन लूट ली। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। वारदात के बाद पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले, जिसमें बदमाश वारदात करते हुए दिखाई दिए।
आगरा के दयालबाग (न्यू आगरा) में सोमवार दोपहर को बाइकर्स गैंग ने वारदात की। सत्संग सभा के संयुक्त सचिव एवं सेवानिवृत्त एडीआरएम विधु कश्यप की पत्नी के गले पर झपट्टा मारकर चेन लूट ली। बदमाशों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
विज्ञापन
घटना अपराह्न तकरीबन 3:30 बजे की है। अदन बाग निवासी विधु कश्यप की पत्नी गायत्री कश्यप स्वामी बाग से पैदल घर जा रही थीं। तभी पीछे से एक बदमाश आया। उसका साथी दूर बाइक स्टार्ट करके खड़ा हुआ था। पास आए बदमाश ने गायत्री के गले पर झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली। वह कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही वह अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर भाग गया। चेन तोड़ने के दाैरान गले पर चोट लग गई। बदमाश नगला हवेली की तरफ भाग गए।
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि मामले में पुलिस टीम को लगाया है। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि आसपास के ही किसी बदमाश ने वारदात की है। पूर्व में भी एक बदमाश पकड़ा गया था। वह इलाके का ही रहने वाला था।