छापा मारने के दाैरान शुरुआती जांच में टीम ने पाया कि बड़ी संख्या में बिलों में माल को कम दरों पर दिखाकर टैक्स चोरी की जा रही थी। टीम ने कारोबारी पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
आगरा में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) की टीम ने मंगलवार रात शहर के फ्रीगंज में टिंबर कारोबारी के ठिकानों पर छापा मारा। टीम ने करीब 50 लाख रुपये की कर चोरी पकड़ी। बुधवार सुबह तक चली कार्रवाई के बाद कारोबारी ने 25 लाख रुपये बतौर जुर्माना जमा कराया है।
विज्ञापन
मंगलवार रात सीजीएसटी आगरा की एंटी एवेजन (कर चोरी निरोधी) टीम ने फ्रीगंज स्थित मित्तल टिंबर पर छापा मारा। बड़ी मात्रा में नकदी और बिल बरामद हुए। इसके बाद टीम ने फर्म के दूसरे ठिकानों पर भी छापा मारा। कारोबार से संबंधित दस्तावेज कब्जे में लिए। शुरुआती जांच में टीम ने पाया कि बड़ी संख्या में बिलों में माल को कम दरों पर दिखाकर टैक्स चोरी की जा रही थी।
बुधवार सुबह करीब 6 बजे तक चली जांच के दौरान टीम को करीब 50 लाख रुपये की कर चोरी का पता चला। इसके बाद टीम ने कारोबारी पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। कारोबारी ने 25 लाख रुपये जमा कर दिए। वहीं, बाकी की राशि के लिए कारोबारी को एक दिन की मोहलत दी गई है।