अधिवक्ता से नकदी और मोबाइल लूटा
ग्राम न्यायालय की फाइल भी छीना, करहल थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। गांव सिंहपुर निवासी एक अधिवक्ता तहसील से लौट रहे थे। तभी नामजद लोगों ने रोक कर उनकी पिटाई कर दी। 10 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल लूट लिए। वहीं ग्राम न्यायालय से संबंधित एक मुकदमे की फाइल भी छीन कर ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव सिंहपुर निवासी अनेग सिंह तहसील में अधिवक्ता हैं। रोजाना की तरह शुक्रवार को वह तहसील जा रहे थे। जैसे ही वह गढिया रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे। तभी वहां मौजूद अंकुश निवासी गढिया और टिंकू सिंह निवासी गांव विलंदा थाना कुर्रा ने पकड़ लिया। अधिवक्ता पर डंडा और सरिया से हमला कर घायल कर दिया। जेब में रखे 10 हजार रुपये, मोबाइल लूट लिया। आरोपी ग्रामीण न्यायालय से संबंधित एक फाइल भी छीन कर ले गए। वारदात के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। अधिवक्ता ने थाने पहुंच कर पुलिस को बताया कि आरोपी जान से मारने की धमकी भी देकर गए हैं। पुलिस ने नामजद लोगों के खिलाफ लूट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।