उत्तर प्रदेश के आगरा में लोहामंडी स्थित एक हॉस्पिटल में प्रसव के बाद नवजात शिशु को बेचने का मामला सामने आया है। मामले में डॉक्टर सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। डॉक्टर पर बच्चे को मृत बताकर डिलीवरी कराने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि बच्चा दिल्ली की दंपती ने खरीदा है। एजेंटों के माध्यम से बिक्री की गई। उसकी बरामदगी के लिए टीम लगी है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने एसीपी लोहामंडी दीक्षा सिंह को जांच के आदेश किए। एसीपी ने बताया कि मामले में अपहरण, धोखाधड़ी, षडयंत्र, जान से मारने की धमकी सहित अन्य धारा में केस दर्ज किया है। नवजात को दिल्ली में बेचने की जानकारी मिली है। टीम को वहां भेजा जा रहा है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। वह थाना लोहामंडी भी गई। मगर, पुलिस ने हॉस्पिटल के डॉक्टर के साथ मिलकर पति को धमकाया। जेल भेजने की धमकी दी। कोरे कागज पर हस्ताक्षर भी करा लिए।
शहर में बच्चों की खरीद-फरोख्त ही नहीं, चोरी के मामले भी सामने आ चुके हैं। ट्रांस यमुना कॉलोनी में घर के अंदर से बच्ची चोरी हो गई थी। लेडी लॉयल अस्पताल से भी बच्ची को चोरी कर लिया गया था। इन घटनाओं का खुलासा नहीं हो सका था।