मैनपुरी। सिंधिया तिराहा पर शनिवार की देर रात कार सवार दो लोगों ने एक कैंटर को रोक लिया। जब चालक ने रोकने की वजह पूछी तो खुद को अधिकारी बताते हुए गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। रविवार को उनके खिलाफ शातिभंग की कार्रवाई की गई।
बुलंदशहर का रहने वाला जाहिद खान कैंटर चालक है। शनिवार को वह कैंटर लेकर कहीं जा रहा था, तभी कोतवाली क्षेत्र में सिंधिया तिराहा के पास कार सवार दो लोगों ने उसे रोक लिया, जाहिद ने जब उनसे रोकने की वजह पूछी तो खुद को अधिकारी बता रहे युवकों ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। चालक के अनुसार दोनों शराब पिए हुए थे। विरोध करने पर दोनों ने चालक को पीटना शुरू कर दिया। इस बीच चालक की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। नशे में धुत दोनों युवकों को कोतवाली लाया गया। पूछताछ में युवकों ने अपना नाम मुनेंद्र सिंह निवासी केशोपुर और राजू निवासी गांव पड़रिया बताया। इंस्पेक्टर कोतवाली भानू प्रताप ने बताया कि चालक की ओर से तहरीर दी गई है। एनसीआर दर्ज कर पकड़े गए युवकों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।