शादी समारोह से लौट रही एक कार बृहस्पतिवार को खड़े डंपर में जा घुसी। घटना में कार सवार सेवानिवृत्त होमगार्ड की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन
रायभा निवासी नरेंद्र सिंह सिकरवार (64) रिटायर्ड होमगार्ड मुरैना से शादी समारोह से कार से लौट रहे थे। उनके साथ कार में परिजन और रिश्तेदार भी सवार थे। दक्षिणी बाईपास पर ग्राम बाद के पास उनकी कार खड़े हुए डंपर में पीछे से जा घुसी।
दुर्घटना के समय हुई जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की सहायता से कार सवार लोगों को किसी प्रकार बाहर निकाला। दुर्घटना में नरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि कार चालक देशराज और प्रमोद सिंह (40), ब्रजमोहन (25), कुलदीप (28) और श्यामू सिंह (20) गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
प्रभारी निरीक्षक थाना मलपुरा अवनीश त्यागी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के पुत्र राजेंद्र ने तहरीर दी है।