आगरा के दयालबाग स्थित पुष्पांजलि सीजन निवासी निजी कंपनी के मैनेजर प्रकाश पेरवानी शुक्रवार रात को शादी समारोह से लौटते समय कार सहित लापता हो गए थे। सोमवार को उनकी कार यमुना में मिली थी। 24 घंटे की मशक्कत के बाद मंगलवार दोपहर को पीएसी के गोताखोर और मछुआरों ने कार को रस्सों और कांटों की सहायता से निकाल लिया, लेकिन वो खाली ही थी। इससे पुलिस के साथ ही परिवार के लोग परेशान हैं। कार मिल गई तो मैनेजर कहां चले गए, यह सवाल ही बना हुआ है। पुलिस उनके कार सहित यमुना में डूबने की आशंका जाहिर कर रही है।
प्रकाश पेरवानी शुक्रवार रात को जतिन गार्डन में एक शादी समारोह में गए थे। रात में 12 बजे कार से लौट रहे थे। इसके बाद लापता हो गए थे। परिजन ने तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। उनकी लोकेशन भी घर के पास ही आई थी। पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे थे। घर से 400 मीटर की दूरी पर स्थित एक मोड़ पर पुष्पा गार्डन है। इसमें उनकी कार नजर आई थी। वह घर की तरफ जाने वाले रास्ते पर मुड़े थे, लेकिन आगे नहीं पहुंचे थे।
मछुआरों ने सोमवार को यमुना में कार को देखा था। उनका जाल फंस गया था, नीचे कार थी। यह देखकर पुलिस को सूचना दी। बाद में परिजन आ गए थे। पुलिस ने रस्सों, कांटे और क्रेन की सहायता से कार को निकालने का प्रयास किया, लेकिन देर रात बारिश की वजह से सफलता नहीं मिल सकी। मंगलवार सुबह एक बार फिर कार निकालने के प्रयास शुरू किए गए। दोपहर तकरीबन दो बजे कार को रस्सों की सहायता से कांटों में फंसाकर निकाल लिया गया।