आगरा में इनर रिंग रोड पर कार रोकते ही अचानक विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। कार में बैंक से निकाले गए 6 लाख रुपये रखे थे, जो आग में जलकर राख हो गए, जबकि दोनों सवार समय रहते बाहर निकलकर बच गए।
आगरा के थाना एकता के रमाडा कट के पास इनर रिंग रोड की सर्विस रोड पर बुधवार शाम एक कार गर्म होकर झटका लेने लगी। कार सवारों ने कार रोकी और जैसे ही बाहर निकले कार में विस्फोट के साथ आग लग गई। थोड़ी ही देर में कार के अंदर रखे 6 लाख रुपये जल गए। कुछ देर पहले ही बैंक से रुपये निकाले गए थे। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
कहरई के शास्त्रीनगर पावन धाम रोड निवासी योगेश कुमार अपने दोस्त एकता क्षेत्र निवासी सनी कुमार के साथ अपनी कार से बुधवार दोपहर संजय प्लेस आए थे। उन्हें बैंक से रुपये निकाल कर शमसाबाद जाकर प्लॉट खरीदने के लिए एडवांस देना था। रमाडा कट के पास इनर रिंग रोड की सर्विस रोड पर पहुंचने पर अचानक कार में दिक्कत आ गई।
दोनों कार को किनारे रोक कर कार से उतरे और जैसे ही दरवाजा बंद कर आगे बढ़े कार में विस्फोट हो गया। कुछ समझ पाते, तब तक आग की लपटों ने कार को पूरी तरह चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने डंडे की मदद से कार के शीशे खोलने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हुए। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। इस दौरान कार के अंदर रखे 6 लाख रुपये के नोट जल गए। हादसे के बाद वह अवसाद में हैं।