फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शादी के लिए युवक ने मंगेतर के साथ मिलकर दिया इस वारदात को अंजाम, गिरफ्तार

Wed, 25 Jul 2018 08:26 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला आगरा
विज्ञापन
आरोपी शिवम और नेहा (फाइल फोटो)
विज्ञापन
आगरा में मथुरा के डींग गेट निवासी चांदी पायल कारखाना मालिक टोनी उर्फ फुरखान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 30 किलो चांदी की पायल लूटने के लिए मृतक के परिचित कारीगर ने अपने दोस्त और मंगेतर के दोस्त के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया। 
विज्ञापन


पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पायल भी बरामद कर ली है। फुरखान की लाश सोमवार रात को 12 बजे सिकंदरा क्षेत्र में आगरा और फरह की सीमा पर एक पेट्रोल पंप के पास झाड़ियों में पड़ी मिली थी। उसके सिर में पीछे से गोली मारी गई थी।

शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया था। मंगलवार रात को परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। फुरखान मूलरूप से अछनेरा के शेखान मोहल्ला का रहने वाला था। वो डींग गेट स्थित मेवाती मोहल्ला में पत्नी बबली और तीन बच्चों के साथ रहता था। 
विज्ञापन

30 किलो चांदी लूटने की थी योजना

टोनी का पायल बनाने का कारखाना नमक की मंडी, कोतवाली क्षेत्र में है। कारखाने में उसका भाई इरफान भी बैठता है। तीन कारीगर हैं। फुरखान ने कुछ महीने पहले लोहामंडी क्षेत्र निवासी शिवम को कारखाने में पायल बनाने के लिए रखा था। दो महीने पहले वो काम छोड़कर चला गया।

परिजनों ने बताया कि फुरखान पर 30 किलोग्राम चांदी की पायल बनाने के लिए आर्डर आया था। इसलिए सोमवार को बाजार बंदी होने के बावजूद काम के लिए आया। रात तकरीबन 10:24 बजे पत्नी के पास फोन आया। 

इसमें फुरखान ने कहा कि वो रात में कारखाना पर ही रुकेगा। मंगलवार की सुबह भाई इरफान कारखाना पर आया। फुरखान के नहीं आने पर उसको फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इस पर उसकी तलाश की। 

सीसीटीवी से मिला सुराग

कारखाना में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे तो उसमें शिवम और उसकी मंगेतर नेहा फुरखान को बाइक से ले जाते हुए दिखे। परिजनों ने पहले नेहा से, बाद में शिवम से पूछताछ की। मंगलवार रात को थाना कोतवाली ले गए। तब शिवम ने हत्या की बात कबूल की। 

इंस्पेक्टर थाना सिकंदरा ने बताया कि बुधवार को शिवम से पूछताछ की। उसने बताया कि हत्या में उसकी मंगेतर नेहा उर्फ फैजाना उर्फ हसीन निवासी खतैना, जगदीशपुरा और दोस्त सोनू निवासी महावीर नगर, जगदीशपुरा शामिल थे। उनको गिरफ्तार कर लिया। 
 

आरोपी की दो महीने में होनी थी शादी

इंस्पेक्टर अजय कौशल ने बताया कि शिवम की दो महीने बाद शादी होनी थी। मगर, नौकरी नहीं कर पाने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। शादी की तैयारियां करनी थी। उसने अपने दोस्त सोनू से बात की। 

सोनू ने किसी व्यापारी को लूटने की बात कही। इस पर शिवम एक दिन सोनू को फुरखान के कारखाना पर ले गया। दोनों ने उसे लूटने का प्लान बना लिया। प्लान के तहत सोमवार को सोनू और नेहा ने फिल्म देखी। इसके बाद दोनों कारखाना पर आ गए। 

नेहा को भी पहले से बता दिया। शिवम, फुरखान और मंगेतर को बाइक से सेंट जोंस लाया। डोसा खिलाया। इस दौरान मंगेतर को वापस भेज दिया। यहां पर शिवम का दोस्त सोनू आ गया। वो शिवम और फुरखान को अपने घर ले गया, जहां पर फुरखान को शराब में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दी। 
विज्ञापन

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

उसके बेहोशी की हालत में होने पर घर छोड़ने के बहाने बाइक से ले जाने लगे। फरह टोल के पास चलती बाइक पर सिर में गोली मारकर फुरखान की हत्या कर दी। उसकी जेब से कारखाना की चाभी और रुपये लूट लिए। 

सोनू और शिवम के कपड़े खून से सन गए थे। दोनों ने घर जाकर कपड़े जला दिए। कपड़े बदलने के बाद मंगलवार सुबह सात बजे कारखाना से 30 किलोग्राम चांदी ले गए। पुलिस ने उनसे चांदी बरामद कर ली है।

फुरखान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी पत्नी बबली के आंसू नहीं रुक रहे। फुरखान के तीन बच्चे छह साल का सुबहान, चार साल का अयान और डेढ़ साल की बेटी आयशा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें