मैनपुरी में बुधवार दोपहर सड़क हादसा घटित हो गया। किशनी से मैनपुरी आ रही प्राइवेट बस बुधवार दोपहर कुर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुरारी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतरने के बाद पेड़ से टकरा गई। हादसे में बीस यात्री घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस में करीब 70 यात्री सवार थे।
किशनी से मैनपुरी आ रही प्राइवेट बस बुधवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे कुर्रा थाना क्षेत्र के गांव कुरारी के पास सड़क किनारे गड्ढे में उतरकर पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद यात्रियों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इस बीच चालक और परिचालक बस को छोड़कर भाग गया। हादसे में बीस यात्री घायल हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को सीएचसी भांवत पर भेजना शुरू किया। इस बीच पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। बस में सवार यात्री भीमपाल ने बताया कि बस में करीब 70 यात्री सवार थे। एएसपी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि घायलों की हालत सामान्य है।
इन्हें कराया जिला अस्पताल में भर्ती
हादसे में घायल हुए भीमपाल पुत्र मैकूलाल निवासी न मोती थाना एलाऊ, राजपाल पुत्र प्रभुदयाल निवासी बलपुरा, अनीता पत्नी श्रीपाल सिंह, अंजली पुत्री श्रीपाल सिंह निवासी गुजराती नगरिया थाना ऊसराहार जनपद इटावा, अखिलेश पुत्र मानसिंह निवासी सुजरई, घनश्याम दास निवासी कटरा समान, हंसमुखी पत्नी भारत सिंह निवासी हिंदूपुर किशनी, श्यामलता पत्नी राकेश, सोनी पुत्री राकेश निवासी ढकपूरा थाना कुर्रा, राजपाल निवासी पृथ्वीपुर किशनी, ब्रह्मपाल निवासी गढी भझेडी थाना सौरिख जनपद कन्नौज, अखिलेश पुत्र भानुप्रताप निवासी शाहपुर किशनी, विपन कुमार पुत्र हृदेश कुमार, सोनी पत्नी विपन कुमार, कन्हैया पुत्र विपन कुमार निवासी पलिया थान कुर्रा, रामप्रकाश पुत्र नत्थूलाल निवासी शमशेरगंज किशनी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से राजपाल निवासी पृथ्वीपुर किशनी को गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
सीएचसी भांवत पर इन्हें मिला उपचार
हादसे में घायल उर्मिला पत्नी सुधीर निवासी नगला रहु थाना करहल, अभिलाष पुत्र छोटेलाल निवासी बढ़पूरा इटावा, माया देवी पत्नी रामभरोसे निवासी उदयपुर कला थाना ऊसराहार इटावा, नीलेश पुत्र बलवंत सिंह निवासी नगला जला थाना ऊसराहार इटावा को सीएचसी भांवत पर ही उपचार दिया गया।
सात एंबुलेंस से घायलों को भेजा गया अस्पताल
बस दुर्घटना की जानकारी होते ही एंबुलेंस सेवा के जिला प्रभारी विजय प्रताप सिंह सक्रीय हो गए। उन्होंने 108 सेवा की चार एंबुलेंस और 102 सेवा की तीन एंबुलेंस 10 मिनट के अंदर दुर्घटनस्थल पर भेजीं। एंबुलेंस पहले घायलों को लेकर सीएचसी भांवत पहुंची और फिर यहां से रेफर मरीजों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल से जो मरीज सैफई रेफर किए गए उन्हें तत्काल एंबुलेंस प्रभारी ने सैफई भिजवाया।
ये भी पढ़ें:
इंजीनियर दिवस: इंजीनियरिंग की बेजोड़ मिसाल है ताजमहल, 373 सालों में भूंकप-बाढ़ झेलकर भी बुलंदी से खड़ा है ताज