लूट की जानकारी देते पुलिस अफसर
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में बुलियन कारोबारी के 1.05 करोड़ रुपये हाथरस के माया जाट गैंग ने लूटे थे। लूट से पहले गैंग के सदस्यों ने दो बार मथुरा आकर रेकी भी की थी। इसका पूरा भेद कारोबारी के यहां काम करने वाले नौकर ने लुटेरों को दिया था। पुलिस ने मथुरा की सबसे बड़ी लूट का खुलासा करते हुए सात लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से लूटे गए 44.86 लाख रुपये और तीन तमंचे बरामद किए हैं। फरार मास्टमाइंड पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। साथ ही खुलासे में जुटी 10 टीमों को एक लाख रुपये का इनाम और पुलिस अफसरों को प्रशस्तिपत्र देने की घोषणा की गई।
गुरुवार को एडीजी आगरा जोन राजीव कृष्ण ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर बताया कि 16 अगस्त को चौकी बाग बहादुर से 50 मीटर दूर बुलियन कारोबारी से 1.05 करोड़ रुपये की लूट हुई थी। घटना के खुलासे के लिए 10 टीमें लगाई थीं। इन टीमों ने 10 दिन में लूट का खुलासा करते हुए सात लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लुटेरों में नीतेश पुत्र गिरप्रसाद, तरुण चौधरी पुत्र अर्जुन, जीतू उर्फ जितेंद्र पुत्र हरीशचंद निवासीगण ग्राम भवोकरा, जेवर (गौतमबुद्वनगर) के अलावा सहयोगी नितेश के पिता गिरप्रसाद, मां जगवीरी, अजय पुत्र गोकुल सिंह निवासी गढ़ी कोलाहार, नौहझील (मथुरा) और सराफा का नौकर कोमल पुत्र बनवारी निवासी महादेव घाट झोंपड़ी, सदर बाजार (मथुरा) हैं।
एडीजी ने बताया कि फरार लूट के मास्टरमाइंड अरविंद उर्फ माया जाट निवासी विनोवा नगर, सादाबाद (हाथरस) पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। साथ ही कोमल के जीजा नरेश निवासी रामबाग (आगरा) की तलाश में पुलिस टीमें दबिशें दे रही हैं। पत्रकार वार्ता में आईजी नवीन अरोरा, एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह, एसपी ग्रामीण श्रीशचंद, एसपी क्राइम राधेश्याम राय मौजूद रहे।
कासगंज में कालेज प्रबंधक की हत्या का खुलासा: भतीजे ने रची थी खूनी साजिश, पैसों के विवाद पर कुल्हाड़ी से मार डाला