आगरा में थाना ताजगंज के महुआखेड़ा में गुरुवार रात को किसान राकेश यादव पर खेत की रखवाली करते समय सांड़ ने हमला बोल दिया। उन्हें जमीन पर पटक-पटककर मार डाला। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि पशु पहले भी हमला कर चुके हैं। इसके बावजूद नगर निगम पकड़ नहीं रहा है।
महुआ खेड़ा निवासी राकेश यादव (45) गुरुवार की रात को खेत पर बाजरे की फसल की रखवाली कर रहे थे। रात में एक सांड़ खेत पर आ गया। परिजनों के मुताबिक, सांड़ फसल को नुकसान पहुंचाने लगा। राकेश ने लाठी दिखाकर उसे भगाने की कोशिश की। मगर, सांड़ नहीं जा रहा था। अचानक उसने राकेश पर हमला कर दिया। उनको सींग से उठाकर पटक दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राकेश को कई बार जमीन पर पटक दिया, जिससे वह घायल हो गए।
खेतों में रखवाली कर रहे कुछ ग्रामीणों ने सांड़ को भगाया। इसके बाद परिजन राकेश को गंभीर हालत में शहीद नगर स्थित एक अस्पताल में लेकर गए, जहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। बाद में ट्रांसयमुना कॉलोनी स्थित अस्पताल लेकर आए, जहां राकेश की मौत हो गई। राकेश के परिवार में पत्नी विमला देवी के अलावा दो बेटे और दो बेटियां हैं।